उत्तराखंड ने 39वें राष्ट्रीय खेलों में पदक तालिका के टॉप-5 में जगह बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए खेल विभाग ने विशेष कार्ययोजना तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेज दी है। मेघालय में होने वाले इन खेलों से पहले खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, कोच की व्यवस्था और खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
दरअसल, 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 102 पदक जीते थे। खासकर मुक्केबाजी, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया था।
अब इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर खेल विभाग संभावित पदक विजेता खिलाड़ियों की पहचान करेगा। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, जरूरी खेल उपकरण और विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। साथ ही, उनकी तैयारियों और प्रदर्शन की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
संयुक्त निदेशक खेल अजय अग्रवाल के मुताबिक, 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए एसओपी तैयार कर शासन को भेजी गई है। अब विभाग की कोशिश पिछले प्रदर्शन को बेहतर बनाकर पदक तालिका में टॉप-5 में जगह बनाने की है।
