हरिद्वार में ऊपरी गंगनहर की सालाना मरम्मत के चलते मंगलवार मध्यरात्रि से नहर बंद कर दी गई है। इसके कारण हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान के लिए पानी की उपलब्धता प्रभावित होगी। गंगनहर को सात नवंबर की मध्यरात्रि से दोबारा चालू करने की योजना है।

हरकी पैड़ी पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गंगा जल की कमी से श्रद्धालुओं की संख्या घटने की आशंका है, जिसका असर स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर भी पड़ सकता है। व्यापारी त्योहारों के सीजन में गंगनहर बंद किए जाने का विरोध करते रहे हैं।

वहीं, गंगनहर बंद होने से किसानों के सामने भी सिंचाई के पानी का संकट खड़ा हो सकता है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण के मुताबिक, मरम्मत के दौरान हरकी पैड़ी तक गंगा स्नान के लिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने का काम भी किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।