उत्तराखंड कांग्रेस ने जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर देहरादून से न्याय यात्रा की शुरुआत की। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और न्याय की कामना की।

इसके बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकालने की योजना है। राजपुर क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान घंटाघर और पलटन बाजार समेत प्रमुख स्थानों पर लोगों से जनसंपर्क किया जाएगा। यात्रा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक पहुंचेगी।

कांग्रेस के मुताबिक, न्याय यात्रा का उद्देश्य लोगों की समस्याओं, सवालों और अपेक्षाओं को सुनना है। पार्टी इस अभियान को प्रदेश के दूसरे विधानसभा क्षेत्रों तक भी ले जाने की तैयारी कर रही है।

आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश समेत अन्य क्षेत्रों में भी न्याय यात्रा निकाली जाएगी। पार्टी का कहना है कि जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर उसका अभियान आगे भी जारी रहेगा।