सुधार (लुधियाना): थाना सुधार क्षेत्र में लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं के बीच पुलिस ने टेंपो चालक से हथियारों के बल पर 40 हजार रुपये से अधिक की नकदी लूटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुरिंदर सिंह निवासी बोपाराय कलां और अजीत सिंह उर्फ बिज्जू निवासी गांव ढट्ट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बाइक पर निहंगों जैसी वेशभूषा में पहुंचे थे। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

अब्बूवाल लिंक रोड पर टेंपो चालक को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, गांव तलवंडी खुर्द निवासी हरबंस सिंह चाचा कैटल फीड फैक्टरी, जांगपुर रोड, मुल्लांपुर दाखा में खजांची और ड्राइवर के तौर पर काम करते हैं। शनिवार को वह गांव अब्बूवाल स्थित एक फीड की दुकान से पेमेंट लेकर टेंपो से सुधार बाजार लौट रहे थे।

इसी दौरान अब्बूवाल लिंक रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और 40 हजार रुपये से अधिक की नकदी लूटकर दोनों फरार हो गए।

CCTV फुटेज से पहचान करने में मिली मदद

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि उनके चेहरे ढके नहीं थे, जिससे उनकी पहचान करने में मदद मिली। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

महिलाओं से लूट की 10 घटनाओं के बाद बढ़ा था दबाव

थाना सुधार क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से लूटपाट की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। स्थानीय स्तर पर महिलाओं से लूट की 10 वारदात सामने आने की बात कही गई थी। बैंक और अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास महिलाओं से नकदी और मोबाइल फोन लूटने की शिकायतों के बाद पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे।

लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग और सुधार बाजार के आसपास भी लोग सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

थाना प्रभारी के तबादले के बाद नए प्रभारी ने संभाली जिम्मेदारी

शनिवार सुबह टेंपो चालक से लूट की घटना के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह का तबादला कर उन्हें जगरांव मुख्यालय में लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद रविवार को राजविंदरपाल सिंह ने थाना सुधार की जिम्मेदारी संभाली। नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने के दिन ही दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस रिमांड लेकर अन्य वारदातों की जांच करेगी पुलिस

एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता, एसपी (डी) राजन शर्मा और डीएसपी करण संधू के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की मांग की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य लूटपाट की घटनाओं को लेकर भी जानकारी मिल सकती है।

पुलिस आरोपियों से लूटी गई नकदी की बरामदगी के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और हथियारों के संबंध में भी पूछताछ करेगी।