लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में थाना डाबा क्षेत्र के बागी स्टैंड इलाके में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। बाइक सवार अज्ञात लोगों ने एक करियाना स्टोर पर पहुंचकर दुकानदार को सफेद रंग का लिफाफा दिया और उसे पड़ोसियों तक पहुंचाने की धमकी दी। दुकानदार ने जब लिफाफा खोलकर देखा, तो उसके अंदर खून से सना इंसान का कटा हुआ हाथ मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने दुकानदार से कहा कि लिफाफा पड़ोसियों को दे देना और विरोध करने पर उन्हें भी इसी तरह के अंजाम की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लिफाफे में कटा हुआ हाथ देखकर दुकानदार घबरा गया और उसकी चीखें सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

सूत्रों के मुताबिक, इस मामले के तार शनिवार सुबह रेरू साहिब गुरुद्वारा साहिब के पास दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उस घटना में तेजधार हथियारों का इस्तेमाल हुआ था। हालांकि, झड़प में घायल बताया जा रहा एक युवक अभी लापता है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दोनों घटनाओं के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

घटना की सूचना थाना डाबा पुलिस को दी गई। स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इससे नाराज व्यापारियों और लोगों ने प्रशासन के प्रति रोष जताया।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कटे हुए हाथ को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, बागी स्टैंड और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस का कहना है कि लापता युवक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।