बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की पहल पर बनी सहमति, वन टाइम सेटलमेंट और समान वेतन-समान अधिकार की मांगों पर होगा विचार
बदरीनाथ धाम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों का पिछले 15 दिनों से जारी क्रमिक अनशन मंगलवार को समाप्त हो गया। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की पहल और कर्मचारियों के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद हड़ताल खत्म करने पर सहमति बनी। कर्मचारी लंबे समय से ‘वन टाइम सेटलमेंट’ और ‘समान वेतन-समान अधिकार’ जैसी प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे।
उच्च स्तरीय कमेटी का गठन
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मंगलवार को बदरीनाथ धाम में अनशन कर रहे कर्मचारियों और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान 22 मार्च 2025 को वेतन वृद्धि के संबंध में गठित कमेटी की संस्तुतियों पर भी चर्चा की गई।
कर्मचारियों की समस्याओं के स्थायी और निष्पक्ष समाधान के लिए बोर्ड के दोनों उपाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को शामिल करते हुए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है।
15 दिन के भीतर समाधान का आश्वासन
बीकेटीसी की ओर से आश्वासन दिया गया है कि अगले 15 दिनों के भीतर कर्मचारियों के मांग पत्र पर गंभीरता से विचार कर सम्मानजनक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
प्रबंधन के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद कर्मचारियों ने अपना क्रमिक अनशन समाप्त कर दिया। हड़ताल खत्म होने से कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और उनमें खुशी देखी गई।
