उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैड़ी गांव में बुधवार देर रात एक मकान में लगी आग और गैस सिलिंडर में हुए विस्फोट ने एक परिवार को उजाड़ दिया। हादसे में मां और उनकी दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग की चपेट में आने से मकान की छत भी गिर गई, जिसके नीचे तीनों दब गईं। वहीं, दूसरे कमरे में सो रहे पिता और उनके दो बेटे किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे।

कैड़ी गांव निवासी साजिद मोतियों की माला बनाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बुधवार रात करीब दस बजे वह अपने दोनों बेटों रेहान और अशरफ के साथ एक कमरे में सो रहे थे। उनकी पत्नी शाहिदा (32) और दोनों बेटियां अदन व माहिरा दूसरे कमरे में सोई हुई थीं। इसी दौरान अचानक शाहिदा और उनकी बेटियों के कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। दूसरे कमरे में सो रहे साजिद और उनके दोनों बेटे भी किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन शाहिदा और उनकी बेटियां आग की चपेट में आ गईं।

छत गिरने के बाद सिलिंडर में हुआ जोरदार विस्फोट

आग तेजी से फैलने के दौरान मकान की छत गिर गई। इसी बीच कमरे में रखे गैस सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद मलबा हटाकर शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों अदन व माहिरा के शव बाहर निकाले गए। हादसे में तीन लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मकान का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

17 सेकेंड की CCTV फुटेज में कैद हुआ सिलिंडर विस्फोट

कैड़ी गांव में हुए हादसे की भयावहता पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सामने आई 17 सेकेंड की फुटेज में पहले मकान में आग लगती दिखाई देती है। इसके कुछ ही देर बाद गैस सिलिंडर में जोरदार विस्फोट होता है। धमाके के बाद आसपास अफरा-तफरी मच जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सिलिंडर में विस्फोट नहीं होता तो शायद तीनों की जान बच सकती थी। फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता को लेकर गांव में चर्चा हो रही है।

एक घंटे से अधिक समय तक आग बुझाने में जुटे रहे लोग

परिवार की मुनीसा ने बताया कि रात में खाना बनाने के बाद शाहिदा सो गई थीं। अचानक शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। आग बुझने के बाद ही मलबे में दबे तीनों के शव बाहर निकाले जा सके। हादसे के बाद से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

पत्नी और बेटियों को खोकर बेसुध हुआ साजिद

साजिद ने बताया कि शाम के समय गैस सिलिंडर पर खाना बनाया गया था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि रात में ऐसा हादसा हो जाएगा। अचानक लगी आग और सिलिंडर विस्फोट ने उनका पूरा परिवार उजाड़ दिया। पत्नी शाहिदा और दोनों बेटियों को खोने के बाद साजिद का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव के लोग भी गमगीन हैं।

पूर्व विधायक राव वारिस ने परिवार को दी सांत्वना

हादसे की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राव वारिस भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। साथ ही दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।