उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव रेखपुर की है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव रेखपुर निवासी 27 वर्षीय अंशिका की शादी 24 नवंबर 2024 को सानू के साथ हुई थी। बुधवार रात करीब 9:30 बजे अंशिका ने पैरालाइज से पीड़ित अपनी सास नीरज को दवा खिलाई और इसके बाद कमरे में सोने चली गई। रात करीब 9:57 बजे उसने अपनी जेठानी के मोबाइल से पति सानू को फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने मायके जाने की इच्छा जताई, लेकिन पति ने मना कर दिया। सानू आंध्र प्रदेश में एक निर्माण कार्य से जुड़े इंजीनियर के साथ काम करता है और वहीं रहता है।
बृहस्पतिवार सुबह ससुर जगवीर ने अंशिका के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे गांव के विनय कुमार को बुलाया गया। सब्बल की मदद से कमरे की कुंडी खोली गई तो अंदर अंशिका का शव पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, अंशिका की कोई संतान नहीं थी। फरवरी 2026 में उसने मृत बच्चे को जन्म दिया था, जिसके बाद से वह अवसाद में रहने लगी थी। घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दे दी गई है। सीओ सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सदर कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
