पंजाब और चंडीगढ़ में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो शिमला के 7.6 डिग्री तापमान के करीब है। वहीं, चंडीगढ़ में 21 नवंबर से दिन के तापमान में भी चार डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है। पंजाब में अब सुबह घनी धुंध का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 22 नवंबर तक राज्य के कई जिलों में धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है।

दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में रात की ठंड और बढ़ गई है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है। लद्दाख के लेह में पारा माइनस 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

फरीदकोट में सबसे ठंडी रात, चंडीगढ़ में दिन का पारा गिरेगा

बुधवार को पंजाब में दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहा। बठिंडा 29.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, रात में फरीदकोट सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। लुधियाना में रात का पारा 8.2 डिग्री, जबकि पटियाला और होशियारपुर में 9.3 डिग्री रहा। दिन में धूप के कारण गर्मी का अहसास बना हुआ है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है।

चंडीगढ़ में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। 19 नवंबर को तापमान 29 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, लेकिन 21 नवंबर से अधिकतम तापमान गिरकर करीब 25 डिग्री रह सकता है। इससे दिन में भी ठंड का अहसास बढ़ेगा। शहर में 19 से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

हिमाचल के नौ जिलों में पारा 8 डिग्री से नीचे

हिमाचल प्रदेश में रात की ठंड बढ़ गई है। राज्य के नौ जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, शिमला, मंडी, सोलन, बिलासपुर और ऊना में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का असर अधिक है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री और केलांग में माइनस 2.1 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 24 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। एक अक्तूबर से 18 नवंबर तक राज्य में सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

जम्मू-कश्मीर में लेह माइनस 8 और शोपियां माइनस 3.6 डिग्री

जम्मू-कश्मीर में भी रात के तापमान में गिरावट जारी है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शोपियां माइनस 3.6 डिग्री के साथ घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। पहलगाम और लारनू में माइनस 2.8, पुलवामा में माइनस 2.3 और गुलमर्ग में माइनस 1.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 8 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 27 नवंबर तक बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।