खटीमा में सोमवार को भव्य छठ महोत्सव, मुख्य अतिथि होंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी — 29 अक्टूबर को होगा सामूहिक निकाह आयोजन
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

खटीमा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भी खटीमा के संजय रेलवे पार्क स्थित छठ घाट पर पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा भव्य छठ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
पूर्वांचल समाज द्वारा पिछले 35 वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह पारंपरिक आयोजन इस बार भी पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के निर्देश पर घाट की सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। छठ पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी (शनिवार) से ‘नहाए-खाए’ के साथ प्रारंभ हो चुका है। पंचमी को खरना और षष्ठी सोमवार को व्रती महिलाएं छठ घाट पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद सप्तमी मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगी। श्रद्धालु महिलाएं इस दौरान 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं और संतान, पति की दीर्घायु तथा परिवार की सुख-समृद्धि के लिए छठ मैया और सूर्य देव से प्रार्थना करती हैं। पूर्वांचल सेवा समिति के अध्यक्ष साकेत प्रसाद सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी छठ महोत्सव में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोमवार की रात को पूर्वांचल के प्रसिद्ध कलाकारों और स्थानीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा झांकियां व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मंगलवार सुबह प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए, इस्लामिक सामाजिक संस्था ‘तंजीम उल्मा ए अहले सुन्नत’ द्वारा खटीमा में पहली बार गरीब और बेसहारा लड़कियों के लिए सामूहिक निकाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 29 अक्टूबर को होगा, जिसमें आठ निर्धन जोड़ों का निकाह कराया जाएगा। संस्था के प्रमुख मौलाना इरफान उल हक कादरी ने बताया कि सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी उपहार और दावत की व्यवस्था संस्था की ओर से की जाएगी। इससे पहले संस्था द्वारा फ्री मेडिकल कैंप, निर्धन परिवारों को एक साल का राशन, और गरीब बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था जैसी कई सामाजिक पहलें की जा चुकी हैं।




