देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विज्ञापन संख्या 84/2026 के तहत विभिन्न विभागों में 1,694 वर्दीधारी सिपाही पदों पर सीधी भर्ती निकाली है। इस भर्ती के तहत पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी, फायरमैन, वन आरक्षी समेत कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को पे मैट्रिक्स लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से लेकर 69,100 रुपये तक वेतन मिलेगा।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार भर्ती का विज्ञापन 17 नवंबर 2026 को जारी किया गया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 25 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 28 से 30 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा। भर्ती की संभावित लिखित परीक्षा 4 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी।

भर्ती के तहत उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस पुरुष के 464, आरक्षी पीएसी और आईआरबी पुरुष के 284, उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस महिला के 238, फायरमैन के 201, वन आरक्षी के 171 और विशेष बाघ रक्षक के 75 पद शामिल हैं। इसके अलावा बंदीरक्षक पुरुष के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस तरह कुल 1,694 पदों पर भर्ती होगी।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसमें उत्तराखंड बोर्ड, यूपी बोर्ड या सरकार से मान्यता प्राप्त समकक्ष बोर्ड शामिल हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का उत्तराखंड के रोजगार कार्यालय में पंजीकरण होना चाहिए या उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त संस्थान से 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए अथवा वह राज्य का स्थायी निवासी होना चाहिए।

आयु सीमा की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी, फायरमैन, वन रक्षक और विशेष बाघ रक्षक पदों के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। सचिवालय रक्षक और परिवहन आरक्षी के लिए 18 से 30 वर्ष, बंदीरक्षक और महिला बंदीरक्षक के लिए 21 से 35 वर्ष तथा आबकारी सिपाही के लिए 18 से 35 वर्ष आयु निर्धारित है। उत्तराखंड के एससी, एसटी और ओबीसी अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को 10 वर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को पांच वर्ष की छूट दी जाएगी। अन्य श्रेणियों के लिए आयु संबंधी छूट की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में देखी जा सकती है।

चयन प्रक्रिया में शारीरिक मानक परीक्षण (PST), शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और लिखित परीक्षा शामिल होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा 100 अंकों की होगी, जबकि लिखित परीक्षा भी 100 अंकों की निर्धारित की गई है। अंतिम मेरिट सूची तैयार करने में शारीरिक दक्षता परीक्षा को 25 प्रतिशत और लिखित परीक्षा को 75 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।

लिखित परीक्षा ऑफलाइन ओएमआर आधारित होगी। इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हक अंक 45 प्रतिशत तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 35 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं।

आवेदन शुल्क सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये रखा गया है। वहीं उत्तराखंड के एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। अनाथ बच्चों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के दौरान व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरने के साथ फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान अपलोड करना होगा। इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन की प्रति सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। आवेदन करने से पहले भर्ती की विस्तृत आधिकारिक अधिसूचना में पदवार योग्यता, आयु सीमा और शारीरिक मानकों की जानकारी जरूर जांच लें।