देहरादून : देहरादून एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले प्राइवेट और वाणिज्यिक वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। अब सवारी को छोड़ने या लेने आने वाले कार चालक को 13 मिनट तक निशुल्क पार्किंग की सुविधा मिलेगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर निकलने पर किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

पहले 11 मिनट थी फ्री पार्किंग
इससे पहले एयरपोर्ट पर फ्री पार्किंग की समय सीमा 11 मिनट थी, जिसे अब दो मिनट बढ़ाकर 13 मिनट कर दिया गया है। यह निर्णय एयरपोर्ट प्रशासन ने बाहर से आने वाले टैक्सी चालकों की मांग के बाद लिया है।

टोल बैरियर पर प्रदर्शन के बाद फैसला
पिछले कुछ दिनों से बाहरी टैक्सी चालकों द्वारा टोल बैरियर पर लगातार प्रदर्शन किया जा रहा था। उनका कहना था कि 11 मिनट का समय बहुत कम होता है और अक्सर यात्रियों को लेने या छोड़ने में अधिक समय लग जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने निशुल्क पार्किंग समय में संशोधन किया है।

समय सीमा पार करने पर देय होगा शुल्क
हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई वाहन 13 मिनट से अधिक समय तक परिसर में रुकता है, तो उसे निर्धारित शुल्क अदा करना होगा।

नई व्यवस्था से टैक्सी चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यह कदम संतुलन बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के लिए उठाया गया है।