कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार कुंभ-2027 को दिव्य और भव्य स्वरूप में आयोजित करने के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

बृहस्पतिवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सतपाल महाराज ने भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल और आपदा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

सतपाल महाराज ने कहा कि कुंभ के लिए विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं का लाभ हरिद्वार को सालभर मिलना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पिछले आयोजनों के अनुभवों के आधार पर व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि कुंभ का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाया जा सके।

मंत्री ने बसों और ट्रेनों के संचालन के लिए ठोस योजना बनाने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले दिनों में भगदड़ जैसी घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही ट्रेनों के प्रस्थान से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने या अन्य व्यवस्थाओं में अचानक बदलाव करने से बचने के निर्देश दिए।