उत्तराखंड में जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाकर 2,000 करने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंजूरी दे दी है। अभी महिला आरक्षियों के 526 पद स्वीकृत हैं। प्रस्ताव के तहत 1,474 अतिरिक्त पदों को अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किया जाएगा।

सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सेवा में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उनकी पदोन्नति का रास्ता तैयार करना है। इस बदलाव से कुल स्वीकृत पदों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं होगी और न ही सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।

कार्मिक विभाग ने कुछ शर्तों के साथ प्रस्ताव पर सहमति दी है। इनमें वर्तमान में कार्यरत 1,210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों का समायोजन करना और उनके भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव देना शामिल है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर सेवा अवसर देने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।