हरिद्वार: सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूटने के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आदित्य वशिष्ठ उर्फ पंडित के रूप में हुई है, जो हरिद्वार के औरंगाबाद का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पहले देहरादून में महिला के अपहरण की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हरिद्वार में लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले 23 सितंबर को देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक महिला का अपहरण करने का प्रयास किया था। महिला की पहचान सुषमा वर्मा के रूप में हुई है। हालांकि, आरोपी अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस के दबाव के चलते चारों आरोपी हरिद्वार आ गए थे।

शराब पीने के बाद पैसों की कमी, फिर की लूट

जानकारी के मुताबिक, 24 सितंबर को चारों आरोपियों ने पहले शराब पी। इसके बाद जब उनके पास पैसे खत्म हो गए, तो उन्होंने लूट की योजना बनाई। आरोपियों ने सिडकुल थाना क्षेत्र में रौ नदी के पास से गुजर रहे बाइक सवार पंकज को तमंचे के बल पर रोका और उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दीपक, आकाश उर्फ पहाड़ी और सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, आदित्य वशिष्ठ फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

रास्ते में पुल के पास से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी तलाश में जुटी पुलिस टीम ने उसे औरंगाबाद से डालूवाला मजबता जाने वाले रास्ते पर एक पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

कारोबार के विवाद में बनाई थी अपहरण की योजना

इस मामले का संबंध देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास की घटना से भी जुड़ा है। रायपुर थाना पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय एक युवती को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में युवती ने बताया था कि वह दीपक को करीब दो साल से जानती थी और दोनों अपना कारोबार शुरू करना चाहते थे।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उनकी मुलाकात सुषमा वर्मा से हुई। डेयरी खोलने को लेकर हुए कारोबार में घाटे के कारण महिला और युवती के बीच विवाद हो गया था। युवती ने महिला को सबक सिखाने के लिए अपहरण की योजना बनाई, जिसमें दीपक और उसके साथियों ने उसका साथ दिया। हालांकि, देहरादून में अपहरण का प्रयास सफल नहीं हुआ।

पुलिस का क्या कहना है?

हरिद्वार के एसपी सिटी दीपक सिंह के मुताबिक, लूट की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी: आदित्य वशिष्ठ उर्फ पंडित, निवासी औरंगाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार।

पहले गिरफ्तार आरोपी: दीपक, आकाश उर्फ पहाड़ी और सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की।