उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने का षड्यंत्र रचने के आरोप लगाए हैं। मंत्री की शिकायत पर देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। रेखा आर्य का आरोप है कि उनके पति ने पहले से विवाहित होने की बात छिपाकर उनसे शादी की। उन्होंने पति के विवाहेत्तर संबंध होने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की पुलिस जांच करेगी।

इस मामले को लेकर रेखा आर्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में वह भावुक होकर कहती नजर आ रही हैं कि उन्होंने अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मंत्री ने कहा कि पति से जुड़े एक ऑडियो ने उनके वैवाहिक जीवन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने सवाल किया कि सच्चाई और ईमानदारी से जीवन जीने के बदले क्या ऐसा परिणाम मिलता है। उनके मुताबिक, ऑडियो सुनने के बाद उन्हें गहरा सदमा लगा और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस की मदद लेने का फैसला करना पड़ा।

रेखा आर्य ने कहा कि इस मामले को सामने लाने का उद्देश्य महिलाओं को यह संदेश देना भी है कि चाहे महिला आम हो या खास, उसे घरेलू अत्याचार सहने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह संविधान को साक्षी मानकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती आई हैं और आगे भी करती रहेंगी। उन्हें भरोसा है कि इस कठिन समय में उत्तराखंड के लोग उनका साथ देंगे। उन्होंने कहा कि एक मां होने के नाते बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।

वहीं, इस मामले में फिल्म अभिनेता हेमंत पांडे भी रेखा आर्य के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश की किसी भी बेटी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। हेमंत पांडे ने इस मामले में कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध करने की बात कही है।

फिलहाल, मंत्री की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।