ऋषिकेश में वन भूमि सर्वे के दौरान शनिवार व रविवार को हुए विरोध प्रदर्शन में लोगों ने नेशनल हाईवे और मनसा देवी रेलवे लाइन ही जाम कर दी। पुलिस पर पथराव भी किया गया। पुलिस ने इस पर 3 अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर दिए हैं।
पहले मुकदमे में हाईवे जाम करने व विरोध प्रदर्शन करने वाले स्थानीय लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दूसरे मुकदमे में गुमानीवाला क्षेत्र में वन विभाग की महिला रेंजर के साथ छेड़खानी व मारपीट के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। तीसरे मुकदमे में मनसा देवी रेलवे फाटक पर रेलवे ट्रैक रोकने व पुलिस पर पथराव करने वालों के खिलाफ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया।
एसएसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि मामले की जांच भी जारी है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत वन भूमि सर्वे में सहयोग करें, और किसी भी अवैध अतिक्रमण या वन भूमि की बिक्री की जानकारी पुलिस को भी दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि लाठीचार्ज नहीं किया गया और भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई भी की जाएगी।
