सेलाकुई में कार्यालय का ताला खोलकर चोरी, दो लैपटॉप और दस्तावेज ले गया चोर
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
सेलाकुई के मुख्य मार्ग स्थित गणेश इंटरप्राइजेज के कार्यालय में चोरी का मामला सामने आया है। छह अगस्त की सुबह एक व्यक्ति कार्यालय का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुआ और दो लैपटॉप समेत कुछ दस्तावेज लेकर फरार हो गया। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता निखिल गुप्ता, जो एमएसएमई प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया के उत्तराखंड अध्यक्ष और सीए हैं, के मुताबिक घटना सुबह करीब चार बजे की है। एक व्यक्ति कार्यालय में दाखिल हुआ और उसने किसी अन्य व्यक्ति को फोन किया। करीब पांच बजे फोन पर दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद आरोपी ने कार्यालय से दो लैपटॉप उठाकर उनके बैग में रख लिए।
आरोप है कि आरोपी ने कार्यालय में रखी वाउचर बुक में हस्ताक्षर भी किए और इसके बाद दोनों लैपटॉप लेकर मौके से निकल गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, कार्यालय से कुछ जरूरी दस्तावेज भी गायब हैं।
निखिल गुप्ता का आरोप है कि आरोपी बार-बार लैपटॉप खोलने का प्रयास कर रहा है और उनके स्मार्टफोन को भी हैक करने की कोशिश की गई है। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की पेनड्राइव भी उपलब्ध कराई है, जिसमें आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी को कार्यालय की चाबी रखे होने की जानकारी थी और उसने उसी चाबी से ताला खोला। ऐसे में उसके पहले से कार्यालय की रेकी करने या किसी परिचित के संपर्क में होने की आशंका जताई जा रही है।
निखिल गुप्ता ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य की पोती हैं। बेबी रानी मौर्य उत्तराखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं।
सेलाकुई थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि कार्यालय में चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




