मांसपेशियों की मजबूती और दिल की सेहत के लिए विटामिन D-3, विटामिन D-2 की तुलना में ज्यादा प्रभावी पाया गया है। ICMR-राष्ट्रीय पोषण संस्थान के वैज्ञानिकों के हालिया अध्ययन में यह बात सामने आई है, जिसे अंतरराष्ट्रीय जर्नल Molecular Nutrition & Food Research में प्रकाशित किया गया है।

शोध के मुताबिक, हड्डियों और शरीर में कैल्शियम के संतुलन के लिए D-2 और D-3 लगभग समान रूप से काम करते हैं। लेकिन मांसपेशियों की ताकत, ग्रिप स्ट्रेंथ और हृदय की कार्यप्रणाली में D-3 का असर बेहतर देखा गया।

नर चूहों पर किए गए परीक्षण में गंभीर विटामिन D की कमी के बाद D-3 देने वाले समूह में मांसपेशियों के फाइबर, प्रोटीन और शारीरिक ताकत की रिकवरी तेजी से हुई। वहीं D-2 लेने वाले समूह में रिकवरी धीमी रही। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह अध्ययन विटामिन D फोर्टिफिकेशन और सप्लीमेंट से जुड़ी स्वास्थ्य नीतियों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।