ऋषिकेश | सोशल मीडिया पर अपने बोल्ड वीडियो और रील्स को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली यूट्यूबर तन्नू रावत एक बार फिर विवादों में हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने ऋषिकेश के जय राम आश्रम परिसर के एक फ्लैट में वीडियो शूट किया, जिसके बाद स्थानीय हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। हिंदू संगठनों का आरोप है कि तन्नू रावत का यह वीडियो अशोभनीय है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठनों का कहना है कि तीर्थनगरी ऋषिकेश जैसी पवित्र भूमि पर, वह भी जय राम आश्रम जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल में इस तरह का कंटेंट बनाना धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत है। सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि तन्नू रावत के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। विवादित वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फेसबुक और अन्य माध्यमों पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वीडियो को देखकर कई श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

“यह तीर्थनगरी है, यहां आकर इस तरह का प्रदर्शन अस्वीकार्य है। प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए,”
— स्थानीय हिंदू संगठन के एक पदाधिकारी ने कहा।

सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने वीडियो की सत्यता और शूटिंग के स्थान की जांच शुरू कर दी है। आश्रम प्रबंधन से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है कि क्या परिसर में शूटिंग की अनुमति दी गई थी या नहीं। यह पहली बार नहीं है जब यूट्यूबर तन्नू रावत विवादों में आई हैं। इससे पहले भी वह अपने वीडियो कंटेंट और बोल्ड स्टाइल को लेकर कई बार सोशल मीडिया यूज़र्स के निशाने पर रही हैं।