हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी, जिसमें प्रदेशभर से पार्टी नेता और कार्यकर्ता जुट रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी देहरादून पहुंच चुकी हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि शुद्धिकरण मामले में शिकायतें देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर भी पार्टी ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर आयोजित किया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर उत्तराखंड की जनता की भावनाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। घेराव से पहले पूर्व दर्जाधारी रामकुमार वालिया अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल होंगे।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अस्पृश्यता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष में अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए वह यह मौन व्रत रख रहे हैं।
