कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हाउस ऑफ हिमालया के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए समीक्षा बैठक की
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
आज विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हाउस ऑफ हिमालया के उत्पादों को बढ़ावा देने के संबंध में एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में प्रदेश के ब्रांड हाउस ऑफ हिमालया की ब्रांडिंग, जो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा इन्वेस्टर्स समिट के दौरान की गई थी, पर चर्चा की गई। इस ब्रांड के उत्पादों की देश-विदेश में बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए, उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए सहकारिता, ग्राम्य विकास और कृषि विभाग की सम्मिलित बैठक आयोजित की गई।
मंत्री जोशी ने कहा कि शीघ्र ही राज्य के प्रमुख स्थानों और पर्यटक स्थलों पर हाउस ऑफ हिमालया के स्टोर खोले जाएंगे, जहां अधिक संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
इसके अलावा, मंत्री ने हरिद्वार और उधम सिंह नगर में अमृत सरोवर योजना के तहत बन रहे सरोवरों में मखाना और सिंघाड़ा की खेती को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी बजट में इन दोनों फसलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
मंत्री ने प्रदेश में फ्लोरीकल्चर को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि प्रदेश के 93 ऑर्चर्ड (गार्डन) में फूलों की खेती की जाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में हार्टी टूरिज्म बहुत प्रचलित है और उत्तराखंड में भी इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
मंत्री जोशी ने हाउस ऑफ हिमालया को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में जनपदवार योजना बनाने और ब्रांडिंग को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से प्रदेश में गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाने के लिए बेहतर प्रयास करने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मंडुआ और झंगोरा की गुणवत्ता को मिलेट्स रिसर्च इंस्टिट्यूट ऑफ हैदराबाद द्वारा सबसे बेहतर आंका गया है। इसके अलावा, उन्होंने सरकारी बंजर भूमि की गुणवत्ता की जांच और उत्पादन बढ़ाने के लिए कदम उठाने की बात भी कही।
इस बैठक में ग्राम्य विकास की सचिव राधिका झा, कृषि महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, सहकारिता अपर सचिव सोनिका, ग्राम्य विकास आयुक्त अनुराधा पाल और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




