मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र में चार नवंबर को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। भाजपा की ओर से इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं। तहरीर में कांग्रेस कार्यकर्ता बिल्लू थापली, सुशांत बोहरा, अमरेंद्र बिष्ट और अनुज गुप्ता समेत अन्य लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।
शिकायत के मुताबिक, हाथीपांव क्षेत्र में कांग्रेस की रैली और विरोध-प्रदर्शन के विरोध में रजत अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता जॉर्ज एवरेस्ट पीक मार्ग पर रूप सिंह कठैत की दुकान के नीचे ढलान पर काले झंडे लेकर सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस की रैली वहां पहुंची, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
भाजपा की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं से काले झंडे छीनने की कोशिश की और डंडों से हमला करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की। शिकायत में अनुज गुप्ता पर रजत अग्रवाल के सिर पर डंडे से वार करने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा महिला कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की किए जाने का दावा किया गया है।
भाजपा ने अपनी शिकायत में पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप भी लगाया है। पार्टी की ओर से घटना से जुड़े वीडियो सुरक्षित रखने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
