सीएम योगी ने महाकुंभ हादसे की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन, मृतकों को 25 लाख मुआवजा
मुख्यमंत्री ने महाकुंभ हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए, तीन सदस्यीय आयोग का गठन
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
सीएम योगी ने महाकुंभ स्नान के दौरान हुए हादसे की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। इस आयोग के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश हर्ष कुमार होंगे, और पूर्व डीजी वी.के. गुप्ता व रिटायर्ड आईएएस डी.के. सिंह भी इसमें शामिल किए गए हैं। आयोग अपनी रिपोर्ट एक तय समय सीमा में प्रस्तुत करेगा। इस बीच, पुलिस भी हादसे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है व आज गुरुवार को मुख्य सचिव और डीजीपी भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की समीक्षा करेंगे।
मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख मुआवजा
सीएम योगी ने हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन द्वारा की गई समीक्षा बैठकों के बावजूद हादसा कैसे हुआ, इसकी गहन जांच का आदेश भी दिया। साथ ही, मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के साथ लगातार संपर्क में थे, और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, फिर भी यह हादसा हुआ।
हादसे की जानकारी और राहत कार्य
मेलाधिकारी विजय किरण आनंद और डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि बीते बुधवार को संगम नोज में भारी भीड़ के दबाव के कारण बैरीकेड्स टूटने से भगदड़ मच गई, जिससे 30 श्रद्धालुओं की जान चली गई और लगभग 90 लोग घायल हो गए। राहत कार्य के तहत घायलों को अस्पताल भेजा गया। मृतकों में कर्नाटक, असम और गुजरात से श्रद्धालु शामिल हैं। मेला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 1920 जारी किया है ताकि कोई भी श्रद्धालु गायब हो तो उसकी जानकारी भी मिल सके।
मुख्य सचिव, डीजीपी को मौके पर भेजा गया
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह व डीजीपी प्रशांत कुमार को आज गुरुवार को प्रयागराज भेजने का निर्देश दिया है, ताकि वे हादसे के कारणों की समीक्षा करें और अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपें।
वीआईपी प्रोटोकॉल नहीं था लागू
डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि हादसे के दौरान कोई वीआईपी प्रोटोकॉल लागू नहीं था, और प्रशासन ने 29 जनवरी को सख्त निर्देश जारी किए थे कि वीआईपी मूवमेंट पर कोई छूट नहीं दी जाएगी।
मृतकों में कर्नाटक, असम और गुजरात के लोग
हादसे में कर्नाटक के 4, असम के 1, और गुजरात के 1 श्रद्धालु की मौत हो गई है। घायलों का इलाज किया जा रहा है और प्रशासन ने स्थिति को सामान्य बताया है।




