देहरादून के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, कंडोली में सोमवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नवनिर्मित आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र का उद्घाटन भी किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया व सामुदायिक भवन में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी शुभारंभ किया।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है और सरकार इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य भी कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए केंद्र के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक उपचार, परामर्श व औषधियां स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
उन्होंने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से समर्पित भाव से सेवाएं देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता भी है। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
