हरिद्वार: नए साल के जश्न को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने पर्यटकों और आम जन की सुविधा के लिए विशेष यातायात व पार्किंग योजना तैयार की है। यह व्यवस्था 30 दिसंबर की रात से लागू भी होगी।

भारी वाहनों को बॉर्डर पर रोका जाएगा व शहर के विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन व वन-वे सिस्टम लागू रहेगा। पुलिस ने आमजन से नियमों का पालन करने व यातायात बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि भीड़ बढ़ने पर दिल्ली, मेरठ, पंजाब व अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थलों का प्रावधान भी किया गया है। ऑटो व विक्रम वाहनों के संचालन पर भी विशेष नियंत्रण रहेगा। सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े भी किए जाएंगे।