रंगदारी और धमकी के आरोपों में रोशनाबाद जिला कारागार में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर को फिलहाल राहत नहीं मिली है। बृहस्पतिवार को उनकी जमानत याचिका पर होने वाली सुनवाई टल गई। पुलिस की ओर से मामले की जांच आख्या पेश करने के लिए समय मांगे जाने पर न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए 31 अक्टूबर की तारीख तय की है। अब शनिवार को होने वाली सुनवाई के बाद ही उनकी जमानत पर फैसला हो सकेगा।
दरअसल, रानीपुर कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने उर्मिला सनावर को रविवार देर रात गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रोशनाबाद जिला कारागार भेज दिया गया। उनकी ओर से अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई थी। न्यायालय ने पुलिस को मामले की जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन बृहस्पतिवार को पुलिस ने रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांग लिया। इसके चलते सुनवाई टाल दी गई।
लोक अभियोजक धर्मेंद्र आर्य के अनुसार, न्यायालय ने अब 31 अक्टूबर को जमानत याचिका पर सुनवाई निर्धारित की है।
बता दें कि ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें अभिनेत्री पर पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने 25 अक्टूबर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया था।
