उत्तराखंड के कोटद्वार स्थित भाबर के जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ के चलते बड़ा हादसा हो गया। यहां चाय की दुकान के पास बारिश से बचने के लिए खड़े दो लोग अचानक एक विशाल पेड़ की चपेट में आ गए। हादसे में हल्दूखाता निवासी 55 वर्षीय विक्रम उर्फ खटमल पुत्र छज्जू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशनपुर निवासी 45 वर्षीय दलीप पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों लोग बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक तेज अंधड़ आया और विशाल पेड़ उनके ऊपर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायल दलीप को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
