उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत और चमोली जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं, 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम का यह मिजाज दो नवंबर तक बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। खराब मौसम या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी सचिव आपदा प्रबंधन से बात कर आमजन की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों, जलधाराओं व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर सूचना देने को कहा गया है।