लखनऊ की गोसाईंगंज जिला जेल में बुधवार देर रात एक विचाराधीन बंदी का शव बैरक के शौचालय में तौलिये के सहारे फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सुल्तानपुर निवासी 30 वर्षीय अवनीश जायसवाल के रूप में हुई है। उस पर अपनी प्रेमिका की हत्या का आरोप था और उसने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने बैरक प्रभारी को निलंबित कर दिया है। वहीं, तीन हेड वार्डरों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर जेल डीआईजी डॉ. रामधनी, एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव, नायब तहसीलदार अभिषेक पांडेय और कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र कुमार जेल पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।
अवनीश सर्किल नंबर तीन के हाता संख्या 13 स्थित बैरक नंबर 83 में बंद था। उसकी मौत की खबर मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। प्रभारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक ऋत्विक प्रियदर्शी ने हत्या के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बंदी ने आत्महत्या की है। वहीं, जेल डीआईजी ने मामले की न्यायिक, मजिस्ट्रेट और विभागीय जांच कराने की बात कही है।
एक दिन पहले ही परिवार ने की थी मुलाकात
अवनीश के भाई आशीष ने उसकी मौत को हत्या बताते हुए सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले ही परिवार के लोग जेल में अवनीश से मिलने पहुंचे थे। उस समय सब कुछ सामान्य था। ऐसे में अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसने आत्महत्या कर ली? डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि आशीष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लखनऊ परिक्षेत्र के जेल डीआईजी डॉ. रामधनी के मुताबिक, शुरुआती जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर बैरक प्रभारी हरिओम को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा हेड जेल वार्डर देव प्रकाश सिंह, उदय नारायण और दीपेंद्र सिंह के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
डीआईजी ने बैरक में बंद अन्य कैदियों से की पूछताछ
घटना के समय अवनीश के साथ बैरक में कुल 44 बंदी मौजूद थे। जिला जेल पहुंचे डीआईजी डॉ. रामधनी ने अवनीश के साथ बैरक में रहने वाले करीब एक दर्जन बंदियों से पूछताछ की। साथ ही उसके व्यवहार और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई। जेल प्रशासन के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में अवनीश कंधे पर तौलिया रखकर शौचालय की ओर जाता दिखाई दिया है। इसके बाद वह वापस लौटता हुआ नजर नहीं आया।
होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर हुई थी प्रेमिका की मौत
दरअसल, 12 अक्तूबर को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल सेल्स्टियल मैन्योर की दसवीं मंजिल से गिरकर चौक निवासी समरीन की मौत हो गई थी। घटना के समय उसका प्रेमी अवनीश जायसवाल भी होटल के कमरे में मौजूद था। हालांकि, घटना के बाद वह वहां से चला गया था। इसके बाद 13 अक्तूबर को समरीन की बहन शीबा ने अवनीश पर हत्या कर शव नीचे फेंकने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। 15 अक्तूबर को अदालत में आत्मसमर्पण करने के बाद अवनीश को जेल भेज दिया गया था। अब जेल में उसकी मौत के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।
