दीपावली पर्व को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पार्क क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी करते हुए सभी चेक पोस्ट और बैरियरों पर वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है। बैराज, चीला और गंगा भोगपुर स्थित बैरियरों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यहां से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच की जाएगी। इसके साथ ही पार्क की टीमों को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पार्क प्रशासन के अनुसार, बैराज-चीला मार्ग सर्दियों में शाम छह बजे और गर्मियों में रात आठ बजे बंद कर दिया जाता है। दीपावली के दौरान इस समय-सारणी का सख्ती से पालन कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पार्क के अंदर स्थित नाले-खालों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। वनकर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पार्क प्रशासन का कहना है कि दीपावली के दौरान पटाखों के शोर और लोगों की आवाजाही से वन्यजीव प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही इस दौरान शिकार और अवैध घुसपैठ की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी की जा रही है। राजाजी टाइगर रिजर्व के क्षेत्राधिकारी राजेश चंद जोशी ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए पार्क क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पार्क प्रशासन दिन-रात अलर्ट मोड पर है और संदिग्ध वाहनों व गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

वहीं, दीपावली को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। रेंज अधिकारी गौरव नेगी के निर्देश पर वनकर्मियों की टीम ने बुधवार को मोतीचूर-देहरादून और ऋषिकेश रेलवे ट्रैक के आसपास जंगल क्षेत्र में सघन गश्त की। इस दौरान अवैध घुसपैठ और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी की गई।

रेंज अधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि दीपावली के दौरान जंगल में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा जंगल में अवैध घुसपैठ और वन्यजीवों के शिकार की आशंका भी रहती है। इसे देखते हुए वनकर्मियों की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो पार्क और गांवों से सटे क्षेत्रों में नियमित गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनों से जंगल क्षेत्र में फेंकी जा रही गंदगी को हटाने के लिए सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पार्क प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को दें।

गश्त अभियान में वन दरोगा दिनेश डुमरियाल, मनोज किशोर, देवांशु शर्मा, धर्मपाल और विनोद नौटियाल समेत अन्य वनकर्मी शामिल रहे।