अल्मोड़ा। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव एवं जनपद प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने अल्मोड़ा दौरे के दौरान अधिकारियों की बजट खर्च की धीमी रफ्तार और विकास कार्यों में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अल्मोड़ा जिले में विभिन्न योजनाओं के लिए बजट जारी होने के बावजूद कई विभागों द्वारा धनराशि का उपयोग न किए जाने पर डॉ. पांडेय ने विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में बजट खर्च करें और कार्यों की रफ्तार बढ़ाएं। सचिव ने अल्मोड़ा-दन्या-पनार नेशनल हाईवे (NH 309B) पर चल रहे 40 किलोमीटर लंबे सड़क सुधार कार्य में करीब एक साल की देरी को अत्यंत गंभीर माना। उन्होंने एनएच रानीखेत खंड के अधिशासी अभियंता को ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

“विकास कार्यों में सुस्ती दिखाने वालों पर कार्रवाई तय है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
— डॉ. पंकज कुमार पांडेय, सचिव लोक निर्माण विभाग

दो दिवसीय दौरे के दौरान सचिव ने राज्य, केंद्र और जिला योजना के तहत संचालित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान पाया गया कि पीडब्ल्यूडी, उरेडा, सिंचाई, स्वास्थ्य और उद्योग विभाग ने वित्तीय वर्ष के सात महीने बीतने के बावजूद अनुमोदित धनराशि का उचित उपयोग नहीं किया है। सचिव ने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में सुस्ती या बजट वापसी की स्थिति स्वीकार्य नहीं होगी।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान डॉ. पांडेय ने कई क्षेत्रों में आ रही तकनीकी और कार्यात्मक खामियों पर गंभीर चिंता जताई।
उन्होंने निर्देश दिए कि हर घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। सचिव ने कहा कि अल्मोड़ा और रानीखेत डिवीजन की अधूरी सड़कों और निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी बाधाओं को तुरंत दूर कर परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाए।