हरिद्वार। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज 25 अप्रैल को 11 दिवसीय धर्म संचार यात्रा पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। यात्रा की शुरुआत धर्म नगरी हरिद्वार से ही होगी, जिसके बाद वे चारधाम यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट उद्घाटन कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल से 1 मई तक शंकराचार्य जोशीमठ स्थित ज्योर्तिमठ शंकराचार्य मठ में प्रवास भी करेंगे। ज्योर्तिमठ के प्रभारी दंडी स्वामी मुकुंदा नंद गिरी महाराज ने बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद 2 मई को केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के पावन अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

इसके बाद 3 मई को वे बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे और 4 मई को बदरीनाथ मंदिर के कपाट उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल भी होंगे। धार्मिक यात्रा के समापन के रूप में वे 5 मई को बदरीनाथ से हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेंगे।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की यह यात्रा धार्मिक जागरूकता, सनातन मूल्यों के प्रचार और भक्तों से संवाद स्थापित करने का माध्यम भी बनेगी।