रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट आगामी 6 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। विजयदशमी के पर्व पर मक्कूमठ स्थित मर्कटेश्वर मंदिर में पंचांग गणना के बाद कपाट बंद होने की तिथि घोषित की गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 6 नवंबर को धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान तुंगनाथ की चल उत्सव विग्रह डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी। डोली पहले दिन रात्रि विश्राम के लिए चोपता पहुंचेगी। इसके बाद 7 नवंबर को डोली भनकुन पहुंचेगी।

8 नवंबर को भगवान तुंगनाथ की चल उत्सव विग्रह डोली उनके शीतकालीन गद्दीस्थल मर्कटेश्वर मंदिर, मक्कूमठ में विराजमान होगी। इसके बाद पूरे शीतकाल में भगवान तुंगनाथ की पूजा-अर्चना मक्कूमठ में संपन्न की जाएगी।

तृतीय केदार तुंगनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि की घोषणा के साथ ही शीतकालीन प्रवास की तैयारियां भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेंगी। परंपरा के अनुसार, सर्दियों में प्रतिकूल मौसम के कारण धाम के कपाट बंद कर दिए जाते हैं और भगवान की पूजा शीतकालीन गद्दीस्थल पर की जाती है।