देहरादून के दून अस्पताल के ईएनटी विभाग के चिकित्सकों ने दो गंभीर मरीजों का सफल उपचार कर उनकी जान बचाई। इनमें छह साल का बच्चा और 35 वर्षीय महिला शामिल हैं। दोनों की हालत अब ठीक बताई जा रही है।

पहले मामले में छह साल के बच्चे ने खेलते समय दुपट्टे के बॉर्डर पर लगा सजावटी प्लास्टिक का टुकड़ा मुंह में डाल लिया, जो उसकी सांस की नली में जाकर फंस गया। इससे बच्चे को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। परिजन उसे तुरंत दून अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया और रात करीब आठ बजे ब्रोंकोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए सांस की नली में फंसा प्लास्टिक का टुकड़ा बाहर निकाल लिया।

दूसरे मामले में घरेलू विवाद के दौरान 35 वर्षीय महिला के गले पर कांच के टुकड़े से गहरा घाव हो गया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची महिला का अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन कर उसका उपचार किया।

दोनों मरीजों की हालत में सुधार है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य प्रो. डॉ. गीता जैन ने चिकित्सकों की सराहना की। उपचार करने वाली टीम में ईएनटी विभाग के प्रो. डॉ. रवींद्र सिंह बिष्ट, डॉ. शीबा राणा और डॉ. हिमानी शर्मा सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे।