देहरादून। दशहरा पर्व पर मंगलवार को परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन रहेगा। इसके साथ ही शोभायात्रा और दशहरा कार्यक्रम के दौरान वाहनों के रूट बदले रहेंगे। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस ने 11 स्थानों पर बैरियर लगाने के साथ सामान्य और वीआईपी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था भी की है।

शोभायात्रा कालिका मंदिर से शुरू होकर मोती बाजार, पलटन बाजार, राजपुर रोड, एस्लेहॉल और कनक चौक होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी। प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बलूनी ने बताया कि दशहरा कार्यक्रम समाप्त होने तक विक्रम और मैजिक वाहनों के रूट में बदलाव लागू रहेगा। रूट नंबर तीन के विक्रम केवल तहसील चौक तक आ सकेंगे। यहां से वे दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए सीएमआई और धर्मपुर की ओर जाएंगे। रूट नंबर पांच और आठ के विक्रम रेलवे गेट से वापस भेजे जाएंगे, जबकि रूट नंबर दो के विक्रम पंत रोड स्थित स्टैंड से संचालित नहीं होंगे। इन वाहनों को सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस मोड़ा जाएगा।

राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ग्रेट वैल्यू तिराहा, दिलाराम चौक, बहल चौक, ग्लोब चौक, घंटाघर और दर्शनलाल चौक होते हुए रेंजर्स ग्राउंड की पार्किंग तक पहुंचना होगा। रायपुर और सहस्रधारा रोड से आने वाले वाहन सर्वे चौक के रास्ते मंगला देवी या काबुल हाउस पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। वहीं, ईसी रोड और सुभाष रोड से आने वाले वाहन आराघर चौक, द्वारिका स्टोर, क्रॉस रोड और बुद्धा चौक होते हुए रेंजर्स ग्राउंड पहुंचेंगे।

बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। परेड ग्राउंड से कैंट और राजपुर रोड की ओर जाने वाली बसें ओरिएंट चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास से संचालित होंगी। ये बसें कनक चौक की ओर नहीं आएंगी। क्लेमेंटटाउन से कुठाल गेट जाने वाली बसें पंत रोड और लैंसडाउन चौक के बजाय दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए राजपुर रोड पर जाएंगी। रायपुर, मालदेवता और सहस्रधारा रोड की बसें चूना भट्टा से संचालित होंगी। ये बसें सर्वे चौक पर सवारियां उतारने के बाद वापस लौटेंगी।

दशहरा देखने आने वालों के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग

दशहरा कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज, काबुल हाउस, नगर निगम पार्किंग और पुराने तहसील परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी, अधिकारियों और पासधारकों के वाहनों को परेड ग्राउंड में मंच के पीछे, दून क्लब, टिन शेड पार्किंग और प्रेस क्लब के पास खड़ा किया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और संभव हो तो दोपहिया वाहनों से आने की अपील की है। निर्धारित पार्किंग स्थल भरने पर सचिवालय, जनपथ मार्केट बिंदाल, महिला पॉलिटेक्निक के सामने और कचहरी क्षेत्र में वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम के दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।

मसूरी में 35 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन

दशहरा पर्व को लेकर मसूरी में भी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अग्रवाल वेलफेयर सोसायटी लाइब्रेरी की ओर से मंगलवार रात आठ बजे 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। पुतले को तैयार करने में करीब 70 हजार रुपये खर्च हुए हैं। सोसायटी के अध्यक्ष विजय मोहन गोयल और सचिव शालीन गोयल ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं और लोगों में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। यह पर्व समाज को सत्य, धर्म और सदाचार का संदेश देता है। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के भी शामिल होने की उम्मीद है।

कांवली में 51 फीट के रावण का दहन, लंका दहन भी होगा

देहरादून के कांवली क्षेत्र में भी दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कांवली दशहरा कमेटी की ओर से जीएमएस रोड स्थित साधु राम इंटर कॉलेज में रावण दहन और दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस साल यहां 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही लंका दहन का कार्यक्रम भी होगा।

कमेटी के संरक्षक अमित कपूर ने बताया कि करीब 11 साल पहले कांवली क्षेत्र के लोगों में धार्मिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से इस आयोजन की शुरुआत की गई थी। पहली बैठक में ठाकुर शक्ति सिंह को कमेटी का अध्यक्ष चुना गया था और तब से उन्हें हर साल अध्यक्ष चुना जाता रहा है।

कार्यक्रम के दौरान रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम और रावण वध का मंचन किया जाएगा। आयोजन में विधायक सविता कपूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि क्षेत्र के पार्षद विशेष अतिथि रहेंगे।