राजाजी टाइगर रिजर्व में इस बार रिकॉर्ड तोड़ पर्यटक, 1.23 करोड़ का राजस्व, अब 15 नवंबर तक रहेगा बंद
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट एक बार फिर पर्यटकों के लिए बंद कर दिए गए हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी मानसून सीज़न को देखते हुए 15 जून से 15 नवंबर तक पार्क में पर्यटकों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। इस दौरान न सिर्फ मौसम की वजह से जंगल की स्थिति असुरक्षित हो जाती है, बल्कि कई रास्ते और नदी-नाले भी खतरनाक हो जाते हैं।
इस बार जंगल सफारी के सीज़न में रिकॉर्ड 51,500 पर्यटक पार्क पहुंचे, जिससे राजाजी प्रशासन को कुल 1.23 करोड़ रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में न सिर्फ अधिक है, बल्कि पार्क में पर्यटकों की रुचि और बढ़ती लोकप्रियता का भी संकेत देता है।
राजस्व में रिकॉर्ड वृद्धि
- रानीपुर गेट (हरिद्वार रेंज) से इस बार 17.36 लाख रुपये का राजस्व मिला, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 9.58 लाख था।
- चिल्लावाली गेट से 35.27 लाख रुपये जुटे, जो पिछले साल के 24.90 लाख से कहीं अधिक है।
- चीला गेट से 53.20 लाख, और
- मोतीचूर गेट से 17.13 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
सफारी के लिए कुल 14,500 जिप्सियां पार्क में चलीं, जिनमें 49,500 भारतीय और 2,000 विदेशी पर्यटक भी शामिल रहे। पिछले वर्ष 12,700 जिप्सियों में 46,600 पर्यटक आए थे।
पार्क प्रशासन उत्साहित
राजाजी टाइगर रिजर्व के एसीएफ अजय लिंगवाल ने बताया कि,
“इस वर्ष पार्क में पर्यटकों की संख्या में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखी गई है। साथ ही राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह वन पर्यटन के लिए एक सकारात्मक संकेत भी है।”
अब पार्क पर्यटकों के लिए 15 नवंबर 2025 से दोबारा खोला जाएगा। तब तक सभी तैयारी, निगरानी और मरम्मत कार्य पूरे किए जाएंगे ताकि आगामी सीज़न में पर्यटकों को बेहतर अनुभव भी मिल सके।




