राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्तराखंड में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

देहरादून। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पूरे उत्तराखंड में राष्ट्रीय एकता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर रन फॉर यूनिटी और एकता दौड़ जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें स्कूली बच्चों से लेकर प्रशासनिक अधिकारी तक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
नई टिहरी में उत्तराखंड के सबसे ऊंचे और लंबे सस्पेंशन ब्रिज डोबरा-चांठी पुल पर स्कूली छात्रों ने दौड़ लगाकर सरदार पटेल की जयंती मनाई। छात्रों ने पुल पर ‘एकता दौड़’ में भाग लिया और रैली निकालते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को सरदार पटेल के जीवन से जुड़ी प्रेरक कहानियाँ सुनाई गईं और उनके योगदान की जानकारी दी गई।
हल्द्वानी में पुलिस विभाग की ओर से भव्य रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजुनाथ टीसी और एडीएम विवेक राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता, अखंडता व भाईचारे का संदेश देने का संकल्प लिया।
राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूनिटी मार्च वॉकथॉन का शुभारंभ किया। सीएम धामी ने स्वयं भी पदयात्रा में भाग लिया और लोगों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग एवं नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया। गुजरात के एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर भारत पर्व 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह पर्व 1 से 15 नवंबर तक चलेगा, जिसमें भारत की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक व्यंजन और कला की झलक देखने को मिलेगी। इस बार भारत पर्व पहली बार दिल्ली से बाहर, गुजरात के एकता नगर में आयोजित किया जा रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल को भारत की एकता, अखंडता और संकल्प का प्रतीक माना जाता है। स्वतंत्रता संग्राम में उनके अद्वितीय योगदान और रियासतों के भारत में विलय में उनकी निर्णायक भूमिका ने उन्हें ‘लौह पुरुष’ के रूप में अमर कर दिया।




