दिल्ली पुलिस को सीलबंद लिफाफे में NSG देगी रिपोर्ट, दूतावास के पास धमाके की अबतक नहीं सुलझी गुत्थी
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

राष्ट्रीय सुरक्षा समूह (एनएसजी) की बम स्क्वाड टीम इजराइल दूतावास के पास विस्फोट की एक सीलबंद रिपोर्ट दिल्ली पुलिस को देगी। इसकी जानकारी शीर्ष अधिकारियों ने दी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, विस्फोट की सामग्री (कंपोनेंट) का अभी तक पता नहीं चल पाया है, इसलिए वे फोरेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। एनएसजी और दिल्ली पुलिस के फोरेंसिक विशेषज्ञों ने बुधवार को घटनास्थल से पत्तियों और मिट्टी के नमूने इकट्ठा किए थे।
दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया है, जिसमें घटना से ठीक पहले वहां से गुजरने वाले लोगों से पूछताछ की गई। इसके अलावा पृथ्वी राज रोड और अब्दुल कलाम रोड से गुजरने वाले सभी टैक्सी और ऑटो चालकों से भी गहन पूछताछ की गई। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली पुलिस को फोन आया था कि चाणक्यपुरी डिप्लोमैटिक एन्क्लेव में इजरायली दूतावास के पास ‘विस्फोट’ की आवाज सुनी गई है, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि घटना स्थल पर ऐसा कुछ भी नहीं मिला।
पुलिस को इलाके के पास ‘विस्फोट’ की आवाज सुनाई देने की सूचना मिलने के दो दिन बाद दिल्ली में इजरायली दूतावास के बाहर अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। एफएसएल टीम के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट की आवाज इजराइल दूतावास के पास खड़े गार्ड ने सुनी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, डॉग स्क्वॉड और एनआईए के अधिकारियों ने इजराइल दूतावास के बाहर जांच की। दिल्ली पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद दो ‘संदिग्धों’ पर ध्यान केंद्रित किया है। हालांकि अधिकारियों ने इसमें दोनों की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।




