कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के इटली स्थित पैतृक घर को अब संग्रहालय के रूप में विकसित करने की तैयारी है। भारतीय मूल के सिख कारोबारी सुखदेव सिंह कंग ने इसकी योजना बनाई है। उन्होंने वर्ष 2020 में छह कमरों वाले इस मकान को खरीदा था। उनका उद्देश्य घर को सोनिया गांधी के बचपन और पारिवारिक इतिहास से जुड़ी यादों के रूप में संरक्षित करना है।
सुखदेव सिंह कंग ने शुक्रवार को अमृतसर में बताया कि उन्होंने यह मकान माइनो परिवार से खरीदा था। खरीद के बाद कई लोगों ने उन्हें इसे किराये पर देने या व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने का सुझाव दिया, लेकिन उन्होंने इसे संग्रहालय बनाने का फैसला किया। हाल ही में सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के बाद उनके शुरुआती जीवन और पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। कंग का मानना है कि ऐसे में इस घर को संग्रहालय के रूप में विकसित करने का यह उपयुक्त समय है। उन्होंने इसके लिए जरूरी प्रशासनिक अनुमतियां भी हासिल कर ली हैं।
गांधी परिवार से मुलाकात करना चाहते हैं कंग
कंग सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात करना चाहते हैं। वह गांधी परिवार से बातचीत कर यह जानना चाहते हैं कि संग्रहालय में परिवार से जुड़ी कौन-सी निजी वस्तुएं और यादें प्रदर्शित की जा सकती हैं। उनकी इच्छा है कि भारत समेत दुनिया के अलग-अलग देशों से आने वाले पर्यटक इस घर में सोनिया गांधी के बचपन की झलक देख सकें। उनका परिवार गांधी परिवार का स्वागत करने और घर की चाबियां सौंपने के लिए भी तैयार है।
हर महीने 100 यूरो खर्च कर रहे हैं रखरखाव पर
स्थानीय स्तर पर यह मकान ‘इंडियन हाउस’ के नाम से जाना जाता है। सुखदेव सिंह कंग ने घर के बाहर एक बोर्ड भी लगाया है, जिस पर इसे सोनिया गांधी का जन्मस्थान बताया गया है। वर्ष 2020 में मकान खरीदने के बाद से उन्होंने इसकी मूल बनावट और पुरानी चीजों में कोई बदलाव नहीं किया है। घर की देखभाल के लिए वह हर महीने एक केयरटेकर को करीब 100 यूरो देते हैं। इसके अलावा संपत्ति कर के रूप में सालाना लगभग 1,000 यूरो भी चुकाते हैं।
