पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, तीनों कक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 8 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, लिखित परीक्षाएं मार्च से शुरू होकर अप्रैल तक चलेंगी।

कक्षा 8वीं और 12वीं की लिखित परीक्षाएं 5 मार्च 2027 से शुरू होंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 19 मार्च से आयोजित की जाएंगी। कक्षा 8वीं की परीक्षाएं 18 मार्च तक, 10वीं की परीक्षाएं 20 अप्रैल तक और 12वीं की परीक्षाएं 23 अप्रैल 2027 तक चलेंगी।

पंजाब बोर्ड परीक्षा का पूरा शेड्यूल

  • कक्षा 8वीं: प्रैक्टिकल 8 से 20 जनवरी 2027, लिखित परीक्षा 5 से 18 मार्च 2027।

  • कक्षा 10वीं: प्रैक्टिकल 8 से 20 जनवरी 2027, लिखित परीक्षा 19 मार्च से 20 अप्रैल 2027।

  • कक्षा 12वीं: प्रैक्टिकल 8 से 20 जनवरी 2027, लिखित परीक्षा 5 मार्च से 23 अप्रैल 2027।

कक्षा 10वीं और 12वीं के जारी कार्यक्रम में ओपन स्कूल प्रणाली के तहत पंजीकृत विद्यार्थी भी शामिल हैं।

पंजाब विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तैयार हुआ कार्यक्रम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड ने वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया है। चुनाव से जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्थाओं और ड्यूटी को देखते हुए परीक्षाओं की तारीखें निर्धारित की गई हैं, ताकि परीक्षा आयोजन में किसी तरह की बाधा न आए।

बोर्ड की ओर से विषयवार विस्तृत डेटशीट अलग से जारी की जाएगी। विद्यार्थी इसे पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे। बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़े टाइमटेबल, दिशा-निर्देश और अन्य अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।