उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के स्वागत समारोह के दौरान मंच पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने प्रदेश की सियासत में नई चर्चाएं शुरू कर दीं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच फूलमाला पहनाने को लेकर कुछ देर खींचतान और नोकझोंक जैसी स्थिति दिखाई दी। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दोनों नेताओं के बीच नाराजगी की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, कार्यक्रम के बाद दोनों नेताओं ने इसे आपसी प्रेम और सम्मान का मामला बताया।

दरअसल, कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के एक ओर यशपाल आर्य और दूसरी ओर हरीश रावत मौजूद थे। हरीश रावत अपने हाथ में फूलों की माला लेकर यशपाल आर्य को पहनाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन यशपाल आर्य ने उन्हें रोकते हुए माला अपने हाथ में ले ली। इसके बाद उन्होंने वही माला हरीश रावत को पहनाने की कोशिश की, लेकिन हरदा ने हाथ के इशारे से मना कर दिया। आखिरकार हरीश रावत ने यशपाल आर्य के हाथ से माला पहन ली, जबकि यशपाल आर्य ने खुद माला नहीं पहनी और उसे लेकर बैठ गए।

दोनों नेताओं के हावभाव देखकर मंच पर हुई इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। वीडियो प्रदेशभर में वायरल होने के बाद कांग्रेस नेताओं को सफाई देनी पड़ी। इस दौरान कुमारी सैलजा दोनों नेताओं को देखकर मुस्कुराती नजर आईं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने भी इसे दोनों नेताओं के बीच सामान्य मजाक बताया।

हरीश रावत बोले- यशपाल मेरे छोटे भाई हैं

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यशपाल आर्य उनके छोटे भाई और पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वह क्षेत्र में आए थे, इसलिए हरदा पहले उनका स्वागत करना चाहते थे, जबकि यशपाल आर्य सम्मान के कारण उन्हें पहले माला पहनाने की जिद कर रहे थे। इसमें नाराजगी जैसी कोई बात नहीं थी।

यशपाल आर्य बोले- हरदा बड़े भाई और अभिभावक तुल्य

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि हरीश रावत उनके बड़े भाई और अभिभावक के समान हैं। ऐसे में छोटा भाई बड़े भाई से पहले माला कैसे पहन सकता है? उन्होंने कहा कि यह केवल बड़ों के प्रति सम्मान का भाव था, जिसे कुछ लोगों ने गलत तरीके से प्रचारित किया। पार्टी के सभी नेता पूरी तरह एकजुट हैं।

कुमारी सैलजा ने भी दी सफाई

उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि मंच पर माला पहनाने को लेकर कोई विवाद या नाराजगी नहीं थी। इस मामले को आपस में सुलझा लिया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष और सोशल मीडिया पर इस घटना को बेवजह तूल नहीं देना चाहिए।