असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट लाया गया है। पंजाब पुलिस उन्हें असम से दिल्ली लेकर पहुंची है। अब उन्हें दिल्ली से पंजाब ले जाया जाएगा, जहां वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने बताया कि उनकी दादी का 8 नवंबर को निधन हो गया था। अमृतपाल को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का समय दिया गया है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार के दौरान प्रेस से बातचीत करने की अनुमति भी दी जाए।

पैतृक गांव में 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती

अमृतपाल सिंह की दादी के अंतिम संस्कार को देखते हुए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस ने उनके गांव पहुंचने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका तैयार किया है।

असम से पंजाब लाने पर 10 लाख रुपये खर्च

अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार में शामिल कराने के लिए डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब लाया जा रहा है। उन्हें असम से पंजाब लाने और वापस ले जाने की प्रक्रिया पर करीब 10 लाख रुपये खर्च होंगे। यह राशि अमृतपाल सिंह के परिवार की ओर से पंजाब सरकार के पास जमा कराई गई है।