उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी ही रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 20 जुलाई तक का पूर्वानुमान जारी करते हुए 18 जुलाई तक येलो अलर्ट भी घोषित किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 15 से 18 जुलाई के बीच देहरादून, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली व रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, जबकि अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज से अति तेज बारिश की संभावना भी है।

वहीं 19 व 20 जुलाई को प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील भी की है।