रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय में पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास शनिवार दोपहर यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक समेत वाहन में सवार सभी 16 लोग घायल हो गए। घायलों में आठ महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। सभी को रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, शनिवार दोपहर 2:33 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से हादसे की सूचना मिली। टेंपो ट्रैवलर का नंबर डीएल 01 वीसी 6074 बताया गया है। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कोतवाली प्रभारी भी रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को सक्रिय कर दिया गया था। सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
