रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने नाम से छह बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों के जरिए देश के आठ राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था। आरोपी लोगों को लॉटरी निकलने और बड़ा इनाम मिलने का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था।
मामले की शुरुआत प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी से जुड़े एक बैंक खाते की जानकारी मिलने के बाद हुई। जांच में पता चला कि इस बैंक खाते के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खाते और उसके खाताधारक की जानकारी जुटाई। जांच में आकाश कुमार पुत्र वीरेंद्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के नाम पर कुल छह बैंक खाते संचालित हो रहे थे। इन खातों के माध्यम से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित आठ राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस जांच में इन छह खातों के जरिए 80 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की रकम के लेनदेन का पता चला है।
जांच में आरोपी का ठगी करने का तरीका भी सामने आया। वह फोन और अन्य माध्यमों से लोगों से संपर्क कर उन्हें लॉटरी निकलने या बड़ा इनाम मिलने का झांसा देता था। इनाम पाने की उम्मीद में लोग उसके बताए अनुसार पैसे भेज देते थे। इसके बाद आरोपी ठगी की रकम एटीएम के जरिए निकालता और दूसरे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर देता था। इस तरह रकम को अलग-अलग खातों के माध्यम से आगे पहुंचाया जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब बैंक खातों से जुड़े लेनदेन और अन्य संभावित लाभार्थियों की भूमिका की जांच कर रही है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में जिले की पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि मंगलौर पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
2014 के नशीली गोलियों की तस्करी मामले में आरोपी को 10 साल की सजा
देहरादून: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही दून पुलिस पुराने मामलों में आरोपियों को सजा दिलाने के लिए भी प्रभावी पैरवी कर रही है। इसी कड़ी में वर्ष 2014 में नशीली गोलियों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी को देहरादून की विशेष एनडीपीएस अदालत ने 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने आरोपी पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
