राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह हरिद्वार जिले के रुड़की में संघ के क्षेत्र और प्रांत के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें और संवाद करेंगे। संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने उनके प्रवास की जानकारी दी।

प्रवास के दौरान संघ के शताब्दी वर्ष के तहत पूरे साल संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय और सामाजिक विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। बैठकों में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए संघ के पंच परिवर्तन अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार की जाएगी।

पंच परिवर्तन के तहत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध यानी स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा देशव्यापी नशामुक्ति अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से प्रभावी बनाने पर भी चर्चा होगी।

मोहन भागवत के इस प्रवास का एक प्रमुख कार्यक्रम हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज का शताब्दी समारोह होगा। सरसंघचालक इस भव्य आयोजन में शामिल होंगे। आध्यात्म, शिक्षा, संस्कार और समाज सुधार के क्षेत्र में गायत्री परिवार की भूमिका को देखते हुए उनके इस कार्यक्रम में शामिल होने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।