दिवाली के दौरान प्रदेशभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यूपीसीएल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यूपीसीएल के एमडी पीसी ध्यानी ने बुधवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर त्योहार के दौरान बिजली व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिवाली पर विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को विद्युत व्यवधान न होने के संबंध में शपथपत्र भी देना होगा।
यूपीसीएल और पिटकुल के एमडी पीसी ध्यानी ने अधिकारियों को दिवाली से पहले प्रदेश की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने और पर्व के दौरान किसी भी तरह की बाधा से बचने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्युत उपसंस्थानों में जिलाधिकारी कार्यालय, अग्निशमन विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ और विद्युत कॉन्ट्रेक्टर के नाम तथा संबंधित नियंत्रक अधिकारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध होने चाहिए।
इसके अलावा सभी विद्युत उपसंस्थानों में अतिरिक्त विद्युत सामग्री पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें बिजली के पोल, तार, ट्रांसफार्मर सहित अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं। एमडी ने कहा कि आकस्मिक स्थिति में इन संसाधनों की मदद से बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु किया जा सकेगा।
