अगले साल मेघालय में आयोजित होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर उत्तराखंड ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।
विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने बताया कि इसी सप्ताह से खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएंगे। इस बार राष्ट्रीय पदक तालिका में उत्तराखंड को टॉप-5 में स्थान दिलाना लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां समय से शुरू कर दी गई हैं, ताकि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी की जा सकें।
विभाग का फोकस खेल स्थलों, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, जरूरी आधारभूत सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते तैयार करने पर रहेगा। बैठक में खेल संघों के सुझाव भी लिए गए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
वहीं, खेल संघों के प्रतिनिधियों ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहा था। 39वें राष्ट्रीय खेलों में भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर सकें, इसके लिए जल्द से जल्द प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। साथ ही खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने की जरूरत बताई गई।
