उत्तरकाशी में 29 ट्रेकर्स का रेस्क्यू पूरा, हेलिकॉप्टर से हर्षिल पहुंचाया गया
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
उत्तरकाशी के कालिंदी ट्रेक स्थित ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स का रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। सभी ट्रेकर्स को हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकालकर हर्षिल पहुंचाया गया। शासन से समन्वय के बाद सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। एसडीआरएफ कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की लगातार निगरानी की गई और रेस्क्यू टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खराब मौसम के कारण उत्तरकाशी जिले के अलग-अलग इलाकों में फंसे 136 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए सोमवार को भी रेस्क्यू अभियान तेजी से जारी रहा। सुबह छह बजे से अभियान शुरू किया गया था। मौसम खुलने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी आई और अब तक 29 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। अभियान में एसडीआरएफ, जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और यूसीएडीए की टीमें संयुक्त रूप से जुटी रहीं।
रेस्क्यू किए गए सभी 29 ट्रेकर्स को आर्मी बेस हर्षिल स्थित चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय टीम ने उनकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा करने और मौके की स्थिति का जायजा लेने के लिए हर्षिल पहुंचे। एसडीएम शालिनी नेगी ने बताया कि पर्वतारोहियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर हर्षिल हेलीपैड पहुंचा दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में गए ट्रेकर्स और पोर्टरों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी पर्यटकों को चिकित्सीय सहायता, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाला हर तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है और उसकी सहायता करना सरकार का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता देने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही बंद सड़कों को खोलने और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर कराने को कहा।
इससे पहले रविवार देर शाम मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और विभिन्न स्थानों पर फंसे पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तरकाशी जिले में 10 ट्रेकिंग दलों के 136 पर्वतारोही फंसे हुए हैं। इनमें से कुछ पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। सभी ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए संबंधित जिलों में रेस्क्यू प्लान भी तैयार किया गया।
डीएम उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं और सैटेलाइट के माध्यम से उनसे लगातार संपर्क बना हुआ है। वहीं, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि कालिंदी ट्रैक पास, उडन कॉल पास, माउंट सुदर्शन, भागीरथी टू, जोगिन वन, शिवलिंगा वन और टू, सतोपंथ और श्रीकंठ चोटियों के आरोहण के लिए निकले करीब 136 पर्वतारोही अलग-अलग स्थानों पर फंसे हैं। ये सभी अलग-अलग दलों में सितंबर महीने में ही रवाना हुए थे।
मुख्य सचिव ने रेस्क्यू के बाद सभी पर्वतारोहियों की तत्काल मेडिकल स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एम्स ऋषिकेश और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को अलर्ट मोड पर रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर अस्वस्थ पर्वतारोहियों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




